सोमवार, 21 फ़रवरी 2011

एक स्पष्टीकरण.

मित्रों नमस्कार,



हिंदी ब्लॉग्गिंग की एक क्रन्तिकारी ब्लॉगर दिव्या जी ने अपनी एक पोस्ट महिला स्वाभिमान पर मेरी एक टिपण्णी के उत्तर में मेरे ऊपर एक नन्हा सा मगर चुभता हुआ आरोप जड़ दिया जो कुछ इस प्रकार है.

@- विचार शून्य -

आपने सही कहा , लेख बिना पढ़े भी टिप्पणियाँ की जा सकती हैं। लेकिन ताड़ने वाले भी क़यामत की नज़र रखते हैं । उनको मालूम होता है , किसने पढ़ा और किसने मात्र खानापूर्ति की है । उस व्यक्ति की वैसी ही image भी बनती है मेरे दिमाग में। व्यक्ति के शब्द उसकी पहचान होते हैं । जैसे लेखक की पहचान उसके लेख हैं , वैसे ही टिप्पणीकार की पहचान उसकी टिप्पणियां हैं।

आपके द्वारा करी गयी टिपण्णी से मुझे ये तुरंत समझ आ गया की आपने महीनों बाद कोई नई पोस्ट लगाई है , इसीलिए लिए आज आप मेरी पोस्ट पर नज़र आये हैं। आपको लेख से कोई सरोकार नहीं है ।

ब्लॉगजगत में ज्यादातर लोग उसी दिन निकलते हैं टिपण्णी करने के सफ़र पर जिस दिन वो अपने ब्लॉग पर नयी पोस्ट लगाते । क्यूंकि उन्हें सबकी टिपण्णी चाहिए होती है । ऐसे ही लोग बिना पढ़े टिपण्णी करते हैं।

बहुत कम ब्लोगर हैं जो सीरियस ब्लोगिंग करते हैं , और विरले ही हैं जो सीरियस टिपण्णी करते हैं।

और मैं सीरियस लोगों कों बेहद पसंद करती हूँ।

आभार ।

दिव्या जी, टिपण्णी में कही गयी मेरी बात से तो सहमत है पर जाने क्यों उन्होंने मुझे ऐसा आइना दिखाया जिस में मुझे अपनी तस्वीर नज़र नहीं आयी. ये बात मुझे अच्छी नहीं लगी.

इसके बाद न जाने किस डर से इस लोह महिला ने मेरे उत्तर को अपनी पोस्ट पर भी प्रकाशित नहीं किया. मजबूरन मुझे ये बात अपने ब्लॉग पर विस्तार से लिखनी पड़ रही है ताकि इस आरोप पर मेरे मौन को कोई मेरी स्वीकृति न मान ले.

वैसे भी ब्लॉग पर लिखना तो फ्री फंड का है. बन्दे के पास वक्त होना चाहिए घर बैठे कितनी भी क्रांतियाँ की जा सकती हैं. कोई ये थोड़े ही है की ब्लॉग लिखने के बाद तहरीर स्क्वायर पर सर कटाने जाना है.

हाँ तो सबसे पहले तो मैं दिव्या जी को बता दूँ की टिप्पणिया प्राप्त करने के मामले में घटिया लेखक होते हुए भी मैं आपही की तरह बहुत भाग्यशाली रहा हूँ. इस प्रसाद को प्राप्त करने के लिए मुझे कभी भी किसी को कोई मेल नहीं भेजनी पड़ी है और ना ही इसके लिए न ही मुझे नए ब्लोग्गेर्स को प्रोत्साहित करने की कसरत करनी पड़ी. अपनी ब्लॉग्गिंग के पिछले एक वर्ष के दौरान मैंने कभी भी किसी भी ब्लॉग पर इस आशा के साथ कोई टिपण्णी नहीं दी की बदले में मुझे भी किसी से टिपण्णी की भीख मिलेगी. मेरा इस प्रकार की नेटवर्किंग में कभी विश्वास ही नहीं रहा.यदि मुझे भी टिप्पणियों की इसी ही चाह होती तो मैं भी नए नए ब्लोग्स पर जाकर टिप्पणियां चेप रहा होता. मैंने तो गौरव अग्रवाल जैसे प्रतिभा संपन्न ब्लॉगर को अपने ब्लॉग पर टिपण्णी करने से हतोत्साहित ही किया था.

नए उदित हो रहे ब्लॉगर किसी टिपण्णी का प्रतिउत्तर पहले से ही व्यस्त पुराने स्थापित ब्लॉगर की अपेक्षा ज्यादा जल्दी देते हैं.(ये अपने ब्लॉग पर टिप्पणियों की संख्या बढाने के लिए श्रम कर रहे ब्लॉगर के लिए सुनेहरा सिद्धांत है. पालन करें और टिप्पणियों में इजाफा करें. )

सच कहूँ तो मैं quality में विश्वास रखता हूँ quantity में नहीं. मुझे खुद से कहीं जयादा बेहतर ब्लोग्गेर्स की एक भी टिपण्णी प्रसाद स्वरुप मिल जाती है तो मैं तृप्त हो जाता हूँ.

(दिव्या जी से मेरा संवाद यही ख़त्म अगर आप अपनी पोस्ट पर मेरा उत्तर प्रकाशित कर देतीं तो मुझे इतनी मेहनत नहीं करनी पड़ती )

अब मैं मुझ पर स्नेह वर्षा करने वाले सभी मित्रों के समक्ष विनम्र निवेदन करना चाहता हूँ की किसी भी पोस्ट पर मैं तभी अपनी बात रखता हूँ जब मुझे एसा करना आवश्यक लगता है अन्यथा मैं शांति से पोस्ट पढ़ कर लौट आता हूँ और जहा भी, जब भी मुझे लगा की अपनी बात रखनी चाहिए वहां मैंने पूरी ईमानदारी के साथ अपनी सहमती या सहमति व्यक्त की है.

अतः लोह महिला दिव्या जी की तरह ही यदि आप लोगों के मन के किसी कौने में ये विचार दुबका पड़ा हो की भइय्या विचार शून्य ने हमारे ब्लॉग पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा दी है अब उसके ब्लॉग पर भी जाकर हाजिरी बजानी पड़ेगी तो आप अपने मन से ऐसे विचार निकाल कर किसी दुसरे के ब्लॉग पर पेस्ट कर दें मुझे कोई दुःख नहीं होगा.

मैं अपनी ख़ुशी के लिए टिप्पणिया करता हूँ. आप अपनी ख़ुशी के लिए टिप्पणियां करें.

(ये पोस्ट मात्र सूचनार्थ है अतः इस बार टिप्पणियों की कोई आवश्यकता नहीं.)










बुधवार, 16 फ़रवरी 2011

और वो कुत्ता मुझे सीरियस कर गया......

नमस्कार जी,

ब्लॉगजगत के सभी सदस्यों को ईद-ए-मिलाद कि शुभकामनाएं. बहुत दिनों बाद पोस्ट प्रकाशित कर रहा हूँ. पिछली पोस्ट थी कि मैं गंभीर ब्लोगिंग नहीं करूँगा पर कुछ बातें ऐसी हुई कि ब्लॉग्गिंग ही बंद हो गयी. वो हुआ कुछ ऐसा कि गत वर्ष २३ दिसंबर की शाम जब मैं ऑफिस से वापस घर लौट रहा था तो रास्ते में पास से गुजार रहे एक पगले से कुत्ते ने अचानक ही मेरे टखने पर अपने दांत गढ़ा दिए. मैंने झटक कर पैर छुड़ाने की काफी कोशिश की पर सफल नहीं हो पाया तो मैंने हाथों से ही उसके मुह को खोल अपने पांव को छुड़ाया  पर तब मेरा बांया हाथ ही उसके भरे-पूरे मुंह में फंस गया. भैय्या किसी तरह से मैंने अपने आप को बचाया.


इस कार्यक्रम में मेरे हाथ और पैर बुरी तरह से जख्मी हो गए. कुत्ते के दांत हाथ के अंगूठे में और पैर के टखने पर ठीक नस के ऊपर ही लगे थे अतः दोनों जगहों से रक्त का प्रवाह कुछ इस तरह का था कि मुझे डर लगा कहीं मेरी टंकी वक्त से पहले खाली ना हो जाए. मैं तुरंत हॉस्पिटल दौड़ा (भई रिक्शे कि सहायता से..). अस्पताल में डाक्टर साहब ने समझाया कि हालात सीरियस है. एक टीका यहीं लगेगा और दुसरे टीके के लिए जो कि घाव में ही लगेगा बड़े हॉस्पिटल जाना होगा. अब हालात सीरियस थे तो वहां भी गए. जो जो किया जा सकता था वो सब किया और घर वापस आ गए.


घर आकार जब वक्त मिला तो सारे घटनाक्रम पर विचार किया कि आखिर ऐसा क्यों हुआ. कहीं उस पगले कुकुर ने मेरी पिछली पोस्ट तो नहीं पढ़ ली थी जिसमे मैंने लिखा था कि मैं सीरियस ब्लॉग्गिंग नहीं करूँगा. उसने मेरा लेख पढ़ कर सोचा होगा कि साले कि हालत ही सीरियस कर दो तब जो कुछ भी करेगा सीरियस ही होगा और मुझे इस तरह से घायल किया कि मेरे घाव तो भर गए पर उनमे दर्द अभी भी होता है.


बहुत सी साहित्यिक रचनाओं में अनेक बार पढ़ा था कि शरीर के जख्म तो भर गए पर मन के घाव अभी भी दुखते हैं. इस साहित्यिक बात को मैंने अब प्रत्यक्ष में अनुभव किया है जब डौगी भाई के दिए जख्म तो भर गए हैं पर उनका दर्द रह-रह कर अभी भी परेशान करता है.


चलिए हो सकता है कि अब आपको मेरे लेखों में कुछ दुःख और दर्द भी दिखलाई पड़े तो फ़ौरन समझ लीजियेगा कि अगले को कुत्ते ने काटा है तभी इसकी लेखनी में इतना दर्द समां गया है. जो भी हो अब नियमित रूप से आपके साथ अपना दर्द बाटता  रहूँगा. ( बस मन में ये डर भी है कि लोग ये ना सोचें कि हमें कोई कुत्ते ने थोड़े ही काटा है जो इसका ब्लॉग पढ़ें. वैसे कुत्ता काटे तो लोगों कि सहानभूति बटोरना मुश्किल होता है. अपना दर्द बताने पर लोग कहते हैं कि आपको कुत्ते ने अब काटा है पर आपकी हरकतें तो पहले से ही वैसी रही हैं. )

मंगलवार, 21 दिसंबर 2010

मैं कभी सीरियस ब्लॉग्गिंग नहीं करूँगा.

वर्ष २०१० अपने अंत के निकट है. लोग पीछे मुड़ कर देख रहे हैं  की वर्षभर क्या क्या किया. क्या खोया क्या पाया. मैंने भी ब्लोग्गिं इस वर्ष के शुरू में ही शुरू की थी तो मैं भी पीछे मुड़ कर देख सकता हूँ  और खोज सकता हूँ की मैंने ब्लॉग्गिंग में क्या पाया (मेरे लिए यहाँ  खोने को तो कुछ था ही नहीं).

मेरी ब्लोग्गिं करने की पृष्ठ भूमि सन २००९ में दिल्ली सरकार ने खुद ही बना दी  थी. पिछले वर्ष दिसम्बर माह में मुझे सरकार की तरफ से हमारे छटवें वेतन आयोग का बकाया पैसा मिल गया था . उसी माह  मैं दिल्ली सरकार की  सेक्शन ऑफिसर समकक्ष परीक्षा में भी  मैं सफल हो गया था. तो जनाब मेरे जैसा व्यक्ति जिसकी जेब में थोडा पैसा हो, बहुत सा वक्त हो और प्रतुल जैसा बाल सखा हो तो वो ब्लोग्गिं शुरू कर देता है.

जी हाँ ब्लोग्गिं नाम की  चिड़िया से मुझे प्रतुल जी ने परिचित कराया.  उन्होंने ही मेरा ब्लॉग बनाया और विचार शून्य का तगमा लगा कर चल दिए. शुरू में मुझे ब्लॉग्गिंग के विषय में कुछ भी पता नहीं था. जो पहला ब्लॉग मैंने अनुसरित किया वो था  AshokWorld. मैंने इस ब्लॉग को  कभी भी नहीं पढ़ा और इस पर कोई कमेन्ट नहीं लिख पाया क्योंकि ये  ब्लॉग जाने किस  दक्षिण भारतीय भाषा में लिखा जाता है. मुझे आज भी अपनी उस गधागिरी  पर हँसी  आती है पर मेरी ये आदत अभी तक बरक़रार  है. मेरे द्वारा अनुसरित अधिकांश ब्लॉग या ब्लॉगर जिनके लेखों पर मैं अक्सर टिप्पणियां कर बैठता हूँ "A" से शुरू होकर "S" तक ही फैले हैं.

Amit Sharma,  Sanjay Aneja, Satish Pancham.
Anshumala, Shaifali Pandey, Swapn Manjusha Ada.
Anurag Sharma, Salil- Chaitanya, Satish Saxena.

जब प्रतुल जी के कहे अनुसार ब्लॉग्गिंग शुरू की तो पता नहीं था की ये एक गंभीर कार्य है. मुझे तो ब्लॉग्गिंग ने अपने बीते हुए दिनों की याद दिला दी थी. मेरे बाल्यकाल के अंतिम दिनों में और युवावस्था के शुरुवात में मैं अपने यार दोस्तों के साथ लगभग रोज ही रात्रि भोजन के उपरांत खड़ी-बैठकों में भाग लिया करता था. खड़ी इसलिए  क्योंकि बैठने को तो मिलता ही नहीं था बस खड़े खड़े ही बातें होती थी. हम लोग  हर विषय पर बात करते  थे चाहे वो इरान इराक युद्ध हो या कालोनी के शर्मा जी और वर्मा जी की लड़ाई ,गावस्कर, कपिल और श्रीकांत का खेल हो या अपना अंडा-फट्टी टूर्नामेंट , राजीव गाँधी की राजनीती हो या महोल्ला सुधार समिति के झगड़े, सलमान खान और संगीता बिजलानी की लव लाइफ हो या कालोनी के पप्पू और डोली का रोमांस , सब पर विस्तार से चर्चा होती, बहस होती, तू तू मैं मैं और कभी हाथापाई तक भी बात पहुच जाती थी और ये मामला तब तक चलता जब तक कालोनी का कोई बुड्ढा हमें डाट कर भगा नहीं देता था.   हमारी ये महफ़िल अक्सर कालोनी के चौक पर होती पर कभी कभी कुछ ऐसे चुनिन्दा घरों के आगे भी अपनी महफ़िल सजाते थे जिनमे हमारी उम्र की सुन्दर कन्यायें निवास करती थी. ऐसी बैठकों में बहस या टीका टिप्पणी कुछ ज्यादा ही उत्साह से होती थी और ये टिप्पणिया उन लड़कियों के धीरे धीरे विकसित होते........बुद्धि चातुर्य पर भी होती थी. 

हमारी ये गतिविधियाँ तब तक चलती रहीं जब तक हम लोगों के पास रात्रि भोजन के उपरांत करने के लिए कुछ ज्यादा मजेदार काम नहीं था और जब वो मिला तो हम लोग उस में रम गए. अब सब लोग विवाहित हैं, बाल बच्चेदार  हैं.  घर आते हैं फिर कहाँ निकलना होता है.  

इस तरह जब प्रतुल की कृपा से जब मेरा परिचय ब्लॉग्गिंग से हुआ तो मुझे लगा की पुराने दिन लौट आए हैं. रात्रि भोजन उपरांत नेट पर जाओ. लोगों के विचार पढों. उन पर त्वरित  टिप्पणी दो, थोड़ी बहस करो, किसी से चुहल करो और थोडा मनोरंजन कर फिर चल दो   रात्रि विश्राम हेतु.  सच में मेरे लिए तो ब्लॉग्गिंग यही है. मुझे तो तब डर लगता है जब कहा जाता है  की लोग सीरियसली  ब्लॉग्गिंग नहीं करते. ब्लॉग्गिंग में गंभीर लोग होने चाहिए. अरे ऐसा होगा तो मेरे जैसे लोग कहाँ जायेंगे  जो यहाँ सिर्फ मनोरंजन के लिए  ही हैं. अरे भई आप लोग  हर चीज को इतना गंभीरता से क्यों लेते हैं?  वैसे कुछ लोगों को हर चीज में गंभीरता ढूंढने की आदत होती है.  भई सीरियसली हँसों..... अरे जनाब आप सीरियसली फ्लर्ट करो .......आप सीरियसली मजाक किया करो और जब वास्तव में कोई गंभीर कार्य करने की बारी आती है  तो ये लोग कहीं किसी कौने में जा छिपते हैं.

दोस्तों मेरे लिए तो ब्लॉग्गिंग मनोरंजनार्थ ही है और हमेशा ही रहेगी.  मैं कभी सीरियस ब्लॉग्गिंग नहीं करूँगा.







गुरुवार, 9 दिसंबर 2010

कपोत पलटदास ब्लॉग अवतारी




एक रहन कपोत पलटदास ब्लॉग अवतारी
करके आंख बंद मन मा जाने का बिचारी


तबही आई वहां एक नार शायद वो कुंवारी

देख कपोत भये चकित मति गयी उनकी मारी

 संवारना उसका देख कर सोच उनकी भयी बिकारी

लगे सोचने होगा ये......


और होगा वो........


पर........ फुर्र हो गयी वो नारी




और रह गए पलट दास ब्रह्मचारी के ब्रह्मचारी.
 





इति.

सोमवार, 6 दिसंबर 2010

ब्लॉगर पंच लक्षणं


स्वान निद्रा






कपोत ध्यानं


पोस्ट पढ़ता ,
टिप्पणीकर्ता,
चिट्ठाजगत अवतारी
हिंदी  ब्लॉगर पंच लक्षणं.


रविवार, 28 नवंबर 2010

स्त्री सिर्फ एक है बाकी सब पुरुष.

मेरी एक आदत है कि मैं अक्सर अपनी परिचित  महिलाओं को इस तरह से संबोधित करता हूँ मानो वो मेरे पुरुष मित्र ही हों.  दोस्त कैसे हो?.... हाल चल ठीक हैं  जनाब के....... दोस्त सुनो, एक बात बताओ  ...  भई सुनो एक बात पूछनी है.......अरे भैय्या काम हो तो रहा है इतनी जल्दी क्या है..... जैसे अनेक जुमले मैं अपने पुरुष साथियों और महिला साथियों के लिए समान रूप से प्रयोग में लाता हूँ. कुछ एक ने मेरी इस आदत पर ध्यान दिया और मुझे बताया पर कभी भी किसी ने कोई शिकायत या विरोध नहीं किया और मेरी इस आदत को सहजता से ही लिया .

कल  पहली बार सार्वजनिक रूप से किसी ने मुझे मेरी इस आदत के लिए टोका और टोका क्या धो के रख दिया. मैं  कुछ आवश्यक कार्यवश  बैंक गया था जहाँ पर एक सुन्दर सी महिला बैंक क्लर्क को मैं  एक क्षण रुकने के लिए कहना चाहता था . गलती से मैं कह बैठा "भैय्या  एक मिनट रुको.....".  मेरे ये शब्द सुनकर उन भद्र महिला ने जो मेरा सार्वजनिक अभिनन्दन किया वो मैं कभी भूल नहीं सकता. उनकी नाराजगी भी जायज थी. मेरे भैय्या के संबोधन ने उनके सजने सवारने को व्यर्थ कर दिया होगा. कभी सोचा ना था कि मेरी एक मासूम सी आदत  मुझे ये दिन भी दिखाएगी. मैंने तुरंत उनसे क्षमा मांगी और अपना कार्य पूरा कर घर वापस आ गया. जब कभी किसी बात पर मिटटी पलीद हो जाती है तो आदमी सोचता ही है कि कहाँ क्या गलत हुआ सो मेरा भी कल का सारा दिन इसी बात पर मनन में बीता कि मुझसे ये गलती क्यों होती है.

पता नहीं क्यों भौतिक रूप से  स्त्री व पुरुष मेरे लिए  एक से ही हैं. कोई स्त्री  मुझे मादा सी तब दिखती है जब उसे देख मेरे मन में कोई रासायनिक क्रिया शुरू हो वर्ना जैसा व्यवहार मैं किसी दुसरे पुरुष के साथ करता हूँ वैसा ही व्यवहार मैं महिला के साथ करता हूँ. 

कभी बस में जा रहा हूँ और भाग्यवश सीट मिल जाय और वो सीट महिलाओं के लिए अरक्षित ना हो तो किसी महिला को अपनी सीट मैं तभी दूंगा जब वो या तो बूढी होगी या फिर बच्चों के साथ होगी पर ऐसा तो मैं किसी बूढ़े के साथ या किसी ऐसे पुरुष के साथ भी करता हूँ जब उसके साथ उसके बच्चे हों. किसी महिला को बैठने के लिए अपनी सीट सिर्फ इसलिए दे देना कि वो महिला है मुझे ठीक नहीं लगता. आप कह सकते हैं कि मेरे अन्दर अंग्रेजी Gentelman वाले गुण नहीं हैं. ऑफिस में भी जब कोई महिला सहकर्मी काफी समय से लंबित पड़ा अपना  कार्य निपटवाने के लिए सहायता कि गुहार लगती हैं तो मैं उनकी सहायता के लिए कभी नहीं जाता. हलाकि बस में भी और ऑफिस में भी इन महिलाओं को सहायता का हाथ बढ़ाने वाले बहुतायत से मिल जाते हैं पर मैं बेशर्म ही बना रहता हूँ.  

जहाँ तक रासायनिक क्रिया द्वारा मादा को पहचानने कि बात है तो विवाह उपरांत तो मैं उस पदार्थ में परिवर्तित हो चुका हूँ जो सिर्फ एक से ही रासायनिक क्रिया कर पाता है और बाकी सभी के लिए  निष्क्रिय होता है .

अध्यात्मिक दृष्टि से विचार करता हूँ तो जैसे कुछ लोग कहते हैं कि इस जगत में पुरुष सिर्फ कृष्ण ही हैं बाकी तो सभी गोपियाँ हैं  उसी तरह से मेरे लिए तो अब इस संसार में स्त्री सिर्फ एक ही है बाकी तो सभी पुरुष हैं क्या नर क्या मादा .

काश ये बात बैंक कि वो महिला कर्मी समझ पातीं  तो वो इस तरह से मेरी सार्वजनिक धुलाई ना करती.... 

शनिवार, 20 नवंबर 2010

लड़कियों के नाक कान छिदवाना जरुरी है क्या ?

मैं ये जानना चाहता हूँ की लड़कियों के नाक और कान छिदवाना जरुरी होता है क्या? अगर उनके नाक और कान छिद्रित ना हों तो क्या फर्क पड़ेगा?

मेरी बिटिया ढाई वर्ष की हो गयी है. पत्नी चाहतीं हैं की उसके कानों में बाली पहना दी जाय जबकि मैं इसके पक्ष में नहीं हूँ. मैं सोचता हूँ की जब वो बड़ी हो जाएगी और अगर उसकी इच्छा होगी तो वो ये काम खुद कर लेगी. हम अभी से जब उसे खुद इस बात की समझ नहीं है सिर्फ अपनी इच्छा के लिए क्यों ये काम करें. अगर वो कुंडल या नथ पहनना ही चाहेगी तो आजकल तो ये नाक और कान में छिद्र करवाए बिना भी संभव है. कुछ इस तरह के कानों के कुंडल आते हैं जिन्हें बिना छिद्र के भी पहना जा सकता है जैसे की अक्सर नाटकों में पहने जाते हैं.

इस विषय में मेरे एक मित्र ने मुझे बड़ी रोचक बात बताई. उनके अनुसार कान और नाक में छिद्र करवाने से स्त्रियों की कामुकता कम हो जाती है या उनके शब्दों में कहें तो शरीर की गरमी निकल जाती है. नाक कान छिदवाने का ये बहाना मुझे नहीं जंचा. शरीर क्या कोई गुब्बारा है की जिसमे छिद्र करो और गरमी बाहर. अगर ऐसे ही कामुकता ख़त्म होती हो तो सारे बलात्कारियों के नाक और कान छिद्वादो या सजा के तौर पर उनके नाक और कान कटवा ही दो. ना रहेगा बांस और ना रहेगी बांसुरी.

मित्र ने अपनी बात के समर्थन में पश्चिमी देशों का उदहारण भी दिया की वहा स्त्रियों के नाक और कान छिद्रित नहीं होते जिस वजह से वो इतनी हॉट होती हैं. वैसे पडोसी देश में ये रिवाज है की वो कामुक स्त्रियों के नाक कान कटवा देते हैं. कहीं इस रिवाज के पीछे की मानसिकता येही तो नहीं की नाक कान स्त्रियों की कामुकता को नियंत्रित करते हैं.

इस विषय में मेरा अपना एक अनुभव है. हम जनेऊधारी ब्रह्मण लोग शौच जाते वक्त अपने जनेऊ को कान पर लपेट लेते हैं. जब मैंने इसका कारण जानना चाहा तो मुझे बताया गया की हमारे कान में कोई ऐसा पॉइंट होता है जिसे दबाने पर पखाना तुरंत पास हो जाता है. एक बार मैं इसकी जाँच के लिए घंटे भर शौचालय में बैठ कर अपने दोनों कानों को दबाता रहा पर कोई ऐसा बिंदु नहीं मिला जहाँ पर दबाव पड़ते ही मीटर डाउन हो जाय. इस कसरत में कुछ नहीं हुआ बस घंटे भर बाद मैं लाल कानों के साथ टॉयलेट से बाहर आया.

भाई मैं तो अपनी गुडिया को इस उम्र में तंग नहीं करने वाला. बाद में जो होगा देखा जायेगा. वैसे व्यक्तिगत तौर पर मुझे स्त्रियों के छिदे हुए नाक और कान उस वक्त बिलकुल पसंद नहीं जब वे सूने पड़े होते है. बाली और नथ के बिना ये सूने नाक और कान मेरे मन को बहुत दुःख देते हैं और तब मुझे लगता है की स्त्रियों की नाक और कानों में छिद्र होता ही नहीं तो अच्छा होता.